मौलेखाल (अल्मोड़ा)। करगेत-गुलार पेयजल योजना में लंबे समय बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है। इससे क्षेत्र के करीब तीन दर्जन गांवों को राहत मिली है। ग्रामीणों ने पेयजल वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की है।
करगेत-गुलार पेयजल योजना से सल्ट ब्लॉक के करगेत, पोखरी, देवायल, वैला, स्वास्थ्य केंद्र देवायल, जीआईसी, जीजीआईसी देवायल, कालीगांव, जालीखान, कपड़ाढैया, तहसील परिसर, तहसील चौक, शशिखाल, सदरखोला, घटकोट, कालीगांव , नौकुचिया, देवीखाल समेत तीन दर्जन गांवों को पेयजल आपूर्ति होती है। पिछले तीन माह से इन सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप थी। ठंड के मौसम में पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
पेयजल समस्या को लेकर बीते बुधवार को करगेत गांव के लोगों ने तहसील कार्यालय प्रांगण में धरना देकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद जल संस्थान ने पेयजल योजना की मरम्मत का कार्य कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी है। पेयजल आपूर्ति सुचारू होने से ग्रामीणों को राहत मिली है।
इधर गर्मियों के मौसम में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए जल संस्थान ने कार्य योजना तैयार कर ली है। गर्मी के मौसम में जल संस्थान क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार पानी वितरित करेगा ताकि सभी क्षेत्र के लोगों को पानी मिल सके।
जल संस्थान के सहायक अभियंता मनोज गंगवार ने बताया कि पहले दिन मौलेखाल, बांगीधार, जालीखान, कनरादेव, सुआपानी, कालीगांव बाजार, गेल्वाडांडा, सुआपानी, नेवलगांव, पैंसिया तथा दूसरे दिन वैला, करगेत, देवायल, शशिखाल, मैठानी, प्रेमनगर, मनराल तनौला, मल्ली पोखरी, कालीगांव आदि क्षेत्रों में पानी वितरित किया जाएगा।