अल्मोड़ा। नगर के व्यापारियों ने रविवार को नगर बाजार में फड़ लगाने वाले बाहरी व्यवसायियों का सत्यापन करने की मांग की है। उनका कहना है कि सत्यापन नहीं होने के कारण कुछ लोग नगर में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन दिया है। कहा कि रविवार बाजार में कपड़ा, जूता, क्रॉकरी, कंफेक्शनरी, रेडीमेड कपड़ा आदि बिकता है। इसमें से कुछ लोग साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन भी करते हैं।
उनका चालान किया जाए। आरोप लगाया कि कुछ लोग छह दिन दुकान खोलने के बाद सातवें दिन रविवार बाजार में दुकान लगाते हैं। कुछ लोगों द्वारा बाहरी व्यक्तियों को लाकर उनसे फेरी और फड़ लगाकर सामान बिकवाया जा रहा है।
ज्ञापन देने वालों में दीप सिंह डांगी, सुशील साह, पवन साह, मनोज कुमार, प्रशांत साह, दीपक मेहता, अजित कार्की, भास्कर तिवारी आदि थे।