अल्मोड़ा। देहरादून में 21 और 22 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय कला उत्सव में भाग लेकर जिले की टीम लौट आई है। थियेटर विधा में एडम्स गर्ल्स इंटर कालेज अल्मोड़ा की टीम ने राजूला मालूशाही का मंचन कर राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
डा. दीपा गुप्ता द्वारा निर्देशित राजूला मालूशाही नाटक को लोगों द्वारा काफी सराहा गया। नाटक में दिव्या रुवाली, कोमल तिवारी, छाया पंत, दीक्षा बिष्ट, वर्षा, सुनीता बोरा, तनुजा सांगा, महिला बिष्ट, ज्योति पपोला, आकांक्षा आगरी ने अभिनय किया। नाटक में एक दिव्यांग छात्रा ने भी अभिनय किया। टीम को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आर्य कन्या इंटर कालेज अल्मोड़ा ने दृश्य कला विधा में दीपा आर्या के निर्देशन में पुतलों और ऐेपण का प्रदर्शन किया। जीआईसी हवालबाग की छात्राओं ने कमलेश जोशी के निर्देशन में कर्नाटक का लोक नृत्य प्रस्तुत किया। जीजीआईसी जलना ने संगीत विधा में लुप्त हो रही बैर भगनौल का गायन किया। टीम के साथ नोडल अधिकारी विनोद कुमार राठौर, जिला संदर्भ व्यक्ति रमसा कमलेश जोशी, दीपा आर्या, कुंदन कनवाल ने भाग लिया।
छात्राओं की उपलब्धि पर मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) आरएस यादव, डायट प्राचार्य राजेंद्र सिंह, खंड शिक्षाधिकारी विनय कुमार, प्रधानाचार्या सीमा जोशी, पंकज लता शाह, मदन सिंह मेर, भावना पांडे, दिनेश रावत, कुंदन सिंह कनवाल, धीरज कुमार आदि ने खुशी व्यक्त की है।