रानीखेत (अल्मोड़ा)। तपिश बढ़ने के साथ ही अब नगर क्षेत्र के कई इलाकों में पानी का संकट गहराने लगा है। मुख्य बाजार के समीप मीट मार्किट की टंकी में पिछले चार दिनों से पानी की बूंद नहीं टपक रही है, जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया है टैंक की लाइन ब्लॉक होने से दिक्कतें आ रही हैं।
छावनी परिषद द्वारा नगर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जाती है, हालांकि घरों में लगे संयोजनों में पानी आ रहा है, लेकिन मीट मार्किट क्षेत्र में पिछले चार दिनों से पानी नहीं आने के कारण लोग परेशान हैं। पेयजल सप्लाई के लिए बनी मुख्य लाइन ब्लॉक होने के कारण यह दिक्कतें आ रही हैं। दूसरी तरफ चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र में भी पानी की समस्या पैदा होने लगी है।
जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जल निगम द्वारा गगास-ताड़ीखेत योजना से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। जिस कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि चिलियानौला पेयजल ग्राम समूह योजना से आपूर्ति की जा रही है, लेकिन उसमें भी पर्याप्त पानी नहीं है।