द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। अशासकीय विद्यालयों को शिक्षकों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उनके सम्मुख भारी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। डीआईसी में हुई उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पहले लोक सभा चुनाव की ड्यूटी निभाई, इसके बाद मूल्यांकन कार्य उनके द्वारा किया जा रहा है, लेकिन दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी दिक्कतें हो रही हैं। कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री को संज्ञान लेकर तत्काल वेतन का भुगतान करना चाहिए।
जिलाध्यक्ष गणेश भट्ट ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों को मार्च और अप्रैल का वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। बाद में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा गया। कहा कि शीघ्र मामले का समाधान होना चाहिए, यदि ऐसा नहीं होता तो अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी आंदोलन शुरू करेंगे।
बैठक में मनोज शैलेंद्र सिंह, संगीत सिंह, विनोद कुमार, मोहन जोशी, राजेंद्र बिष्ट, नवीन गुसाईं, भावना हर्बोला, भूपेंद्र मावड़ी सहित तमाम शिक्षक मौजूद थे। संचालन केएन जोशी ने किया।