अल्मोड़ा। उत्तराखंड हिमालय एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता शुक्रवार को नैनीताल से शुरू हो रही है। दोपहर के समय यह यात्रा अल्मोड़ा पहुंचेगी। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों के स्वागत के लिए पर्यटन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। अल्मोड़ा में रुकने के बाद प्रतिभागी शनिवार को अगले पड़ाव कौसानी के लिए रवाना होंगे।
पर्यटन विकास परिषद देहरादून और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से शुरू हो रही एमटीबी चैंलेज प्रतियोगिता 19 अप्रैल को नैनीताल से शुरू हो रही है। प्रतियोगिता का समापन 26 अप्रैल को देहरादून में होगा। प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 95 प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतिभागी जहां-जहां रुकेंगे उनके आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा की व्यवस्था प्रशासन के जिम्मे सौंपी गई है। जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि 19 अप्रैल को स्थानीय स्टेडियम में रैली का स्वागत किया जाएगा और इसके बाद शाम को उदयशंकर नाट्य अकादमी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम शाम पांच से सात बजे तक चलेंगे। 20 अप्रैल को यात्रा कोसी, दौलाघट, बग्वालीपोखर, बिंता, सोमेश्वर के बाद कौसानी में समाप्त होगी।