रानीखेत (अल्मोड़ा)। चौबटिया-देहोली-नागपानी मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने और उच्चीकृत कालनू देहोली जूनियर हाई स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने अब लोक सभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है।
चौबटिया-देेहोली-नागपानी मोटर मार्ग बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। क्षेत्र में दूध का उत्पादन प्रचुर मात्रा में होता है। इसके अलावा यहां फल, सब्जी का भी उत्पादन होता है। दूध बेचने के लिए लोग छह किमी की पैदल दूरी तय कर चौबटिया पहुंचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार सांसद और विधायक से वार्ता की गई, लेकिन हर बार झूठे आश्वासन मिले। ग्रामीणों का कहना है कि इस बार रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा बुलंद किया जाएगा।
इसके अलावा पूर्व में उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूल में भी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और शीघ्र सार्थक कार्रवाई नहीं होने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी। ज्ञापन सौंपने वालों में बीडीसी सदस्य कुंदन फर्त्याल, महेंद्र सिंह फर्त्याल, जीवन सिंह फर्त्याल, पूरन सिंह बिष्ट, प्रकाश चौहान, राजेंद्र सिंह रावत, रमेश जोशी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।