अल्मोड़ा। विक्टोरिया क्लब के तत्वावधान में स्टेडियम में प्राइजमनी विक्टोरिया प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सोमवार को खेले गए मैचों में स्वराज स्पार्टन और अल्मोड़ा प्लेयर्स की टीमों ने अपने अपने मैच जीते।
पहला मुकाबला स्वराज स्पार्टन और मेहरा स्पोर्ट्स के बीच खेला गया।
स्वराज स्पार्टन ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवरों में 10 विकेट खोकर 168 रन बनाए। जिसमें नीरज सोन ने सर्वाधिक 66 रन का योगदान दिया। मेहरा स्पोर्ट्स की ओर से हितेश ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहरा स्पोर्ट्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 123 रन पर सिमट गई। स्वराज स्पार्टन टीम ने 45 रन से मैच जीत लिया। स्वराज स्पार्टन की ओर से देवेंद्र परिहार ने तीन विकेट झटके। जबकि नीरज सोन मैन ऑफ द मैच रहे।
दूसरा मुकाबला अल्मोड़ा प्लेयर्स और तव एकेडेमी के मध्य हुआ। अल्मोड़ा प्लेयर्स ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। विक्रम बोरा ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। तव एकेडेमी के अमन ने 3 विकेट लिए। जवाब में तव एकेडेमी की टीम 18.5 ओवर में 130 रन ही बना सकी। अल्मोड़ा प्लेयर्स ने 32 रन से मैच जीत लिया। अल्मोड़ा प्लेयर्स के गणेश पथनी ने 3 विकेट लिए। जबकि विक्रम बोरा मैन ऑफ द मैच रहे। अंपायर क्षितिज पांडे, सुरेंद्र बोरा, चंदन लटवाल, नंदन फर्त्याल, स्कोरर लक्ष्मण पाना, उद्घोषक आशीष अधिकारी थे।