अल्मोड़ा। स्व. जनरल बीसी जोशी मिलन केंद्र सभागार में हुई उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग की बैठक में वक्ताओं ने शासन द्वारा जारी किए गए जल मूल्य वृद्धि शासनादेश और जिला विकास प्राधिकरण का विरोध किया। उन्होंने सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से चौघानपाटा में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि नगर में पानी वितरण की व्यवस्था ठीक नहीं है। बरसात तथा गर्मी के मौसम में दो-तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति नहीं होती है। शासन द्वारा जल मूल्य वृद्धि संबंधी शासनादेश करना जन विरोधी है। शासनादेश के तहत उपभोक्ताओं को अप्रैल 2018 से नौ प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर से भुगतान करना होगा। इस कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को जल मूल्य मीटर रीडिंग के अनुसार लेना चाहिए। उन्होंने जिला प्राधिकरण को पहाड़ में लागू करने का विरोध किया।
बैठक में लीग के अध्यक्ष रिटायर्ड कैप्टन दीपक कुमार टम्टा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, सचिव नायब सुबेदार सुरेंद्र लाल टम्टा, कोषाध्यक्ष आशीष वर्मा, एसएस बिष्ट, जीवन नाथ वर्मा, नंदन सिंह कनवाल, सुधीर कुमार जोशी, गजेंद्र मोहन जोशी, कैलाश चंद्र तिवारी, पीसी तिवारी, मदन मोहन सिंह, एमएस बिष्ट, मनमोहन वर्मा आदि मौजूद थे।