जैंती (अल्मोड़ा)। बीते तीन दिनों में हुई तेज बारिश के कारण जैंती तहसील के मल्ला बिनौला गांव में दो मंजिला मकान ध्वस्त हो गया है। मकान के भूतल में पशु बंधे थे। मकान के मलबे में दबने से एक गाय की मौत हो गई जबकि दो बकरी और एक अन्य गाय को काफी चोटें आई हैं। मलबे में घर के भीतर रखा राशन समेत अन्य कीमती सामान भी दब गया है। घटना के समय घर में कोई भी नहीं था।
जैंती तहसील के मल्ला बिनौला गांव में आनंदी देवी पत्नी स्व. हरीश राम का दो मंजिला मकान है। मकान के भूतल में पशु बधे थे। सोमवार शाम के समय दो मंजिला मकान भरभराकर ध्वस्त हो गया। मकान के मलबे में दबने से एक दुधारु गाय की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य गाय और बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
घटना के समय गृह स्वामिनी आनंदी देवी अपने खेतों में गई थी जबकि बच्चे भी घर में मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने काफी प्रयासों के बाद मलबे में दबे पशुओं को बाहर निकाला। आनंदी देवी ने घटना की सूचना राजस्व उप निरीक्षक दीक्षा खड़ायत को दी। मंगलवार को राजस्व कानूनगो राकेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक दीक्षा खड़ायत, पशु चिकित्सक डॉ.सुनील उपाध्याय ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। पशु चिकित्सक ने मृत गाय का पोस्टमार्टम किया।