अल्मोड़ा। बाजार में पॉलिथीन के बढ़ते प्रयोग को रोकने के लिए पालिका ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए पालिका द्वारा व्यापारियों को कूड़ेदान भी वितरित किए जा रहे हैं।
पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर प्रसाद ने बताया कि पॉलिथीन का प्रयोग रोकने और कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ पालिका ने कार्रवाई का मन बना लिया है। टीम द्वारा छापेमारी कर अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पॉलिथीन का प्रयोग करने, थूकने और कूड़ा फेंकने वालों पर दो सौ रुपये से पांच हजार तक जुर्माने का प्रावधान है और इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने बताया कि पालिका ने व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति सचेत करने और बाजार को स्वच्छ रखने के लिए करीब सवा दो लाख रुपये के दो हजार कूड़ेदान भी क्रय किए हैं और वर्तमान में 450 व्यापारियों को कूड़ेदान वितरित कर दिए गए हैं। उन्होंने आम नागरिकों के अलावा, व्यापारियों से भी स्वच्छता में सहयोग देने को कहा है।