सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। प्रदेश की पशुपालन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्या ने कहा कि काश्तकार उन्नत नस्ल के पशु पालकर आत्मनिर्भर बनें। सरकार पशुपालकों को हरसंभव मदद कर रही है। मंत्री ने यहां मां उत्तराखंड स्टेडियम सोमेश्वर में आयोजित पशु प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर चार गो सदनों को 6.56 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
उन्होंने कहा कि काश्तकारों के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। इनका लाभ उठाते हुए पशुपालक आत्मनिर्भर बनें। खेती और पशुपालन पर्वतीय क्षेत्र की रीढ़ है। सरकार ग्रामीणों के हित में कई कदम उठा रही है। लावारिस पशुओं की समस्या पर मंत्री ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण स्वयं गो सदन स्थापित कर उन्हें पालें। गौ सदनों को सरकार भी मदद करती है।
इस मौके पर मंत्री ने गुरु कृपा गो सुरक्षा समिति स्याल्दे को 46278 रुपये का, ग्राम समाज कल्याण समिति तल्ला सल्ट को 37989 रुपये का, कत्यूर जी सेवा समिति गरुड़ को 42824 रुपये का, शील नित्यानंद आश्रम नैनीताल को 5.29 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
संचालन पशु चिकित्सक डॉ. ओपी आर्या ने किया। इस अवसर अपर निदेशक कुमाऊं मंडल नैनीताल एमएस नयाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रवींद्र चंद्रा, ब्लाक प्रमुख दीपक बोरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र जोशी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, उमेश मेहरा, खड़क सिंह, डॉ. कमल तिवारी, डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल आदि मौजूद थे।