अल्मोड़ा। शीघ्र ही पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है पर शहर क्षेत्र की सड़कों की दशा खराब है। सड़कों में कई स्थानों पर डामर उखड़ गया है। इससे वाहन चालकों के साथ ही यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर क्षेत्र में मालरोड के अलावा लिंक मार्ग, लोअर मालरोड, धारानौला, एलआर साह मार्ग और रानीधारा मार्ग से वाहन आते-जाते हैं। कुछ साल पहले इन सड़कों में डामर हुआ था, लेकिन अब इन सड़कों में कई स्थानों पर डामर उखड़ गया है। कई स्थानों पर बारिश होने पर गंदा पानी सड़ पर बने गड्ढों में भर जाता है। सड़क किनारे स्थित नालियों की सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। वाहन चलने पर गड्ढों में भरे पानी के छींटे पैदल चलने वालों पर पड़ते हैं।
मालरोड पर नगर पालिका के समीप डामर उखड़ने से सड़क में बड़ा गड्ढा हो गया है। व्यापारियों ने इस गड्ढे में मिट्टी और पत्थर भर रखे हैं, लेकिन लोनिवि इस गड्ढे को ठीक नहीं कर रहा है। नगरवासियों ने पर्यटन सीजन को देखते हुए लोनिवि से शहर की सड़कों की दशा सुधारने की मांग उठाई है।