अल्मोड़ा। स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति को सड़क पर थूकना भारी पड़ गया। जैसे ही इस व्यक्ति ने सड़क पर थूका उसे पीछे कार से निकल रही जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने देख लिया। जिलाधिकारी द्वारा कार्रवाई के निर्देश के बाद वह व्यक्ति स्कूटी में सवार होकर निकल गया, लेकिन पुलिस ने पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया और डीएम के निर्देश पर उससे 300 रुपये जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम को ऑफिस से आवास की तरफ लौटने के दौरान जिलाधिकारी ईवा आशीष ने लोअर मालरोड में एसएसजे परिसर के गेट के पास स्कूटी में सवार एक व्यक्ति को थूकते हुए देखा। उन्होंने तत्काल उसे रोकने और उसका चालान काटने के निर्देश दिए, लेकिन डर के मारे स्कूटी सवार भास्कर सिंह बेस अस्पताल की ओर भाग गया। बाद में पुलिस ने बेस अस्पताल के पास उसे पकड़ लिया और जुर्माना अदा करने के बाद ही छोड़ा। जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह नियमों का पालन नहीं करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नामित अधिकारियों से सार्वजनिक स्थलों में थूकने और कूड़ा फेंकने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इससे पूर्व भी जिलाधिकारी कई मौकों पर सार्वजनिक स्थान में थूकने और कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई कर चुकी हैं।