अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ईवा आशीष ने सार्वजनिक स्थान में थूकने पर एक व्यक्ति पर 200 रुपये जुर्माना ठोकने के आदेश दिए। थूकने पर जुर्माना वसूलने का यह पहला मामला है। जिलाधिकारी बुधवार को लिंक रोड से निकल रही थीं इसी बीच उन्होंने गुरुद्वारा के पास सुनील को सार्वजनिक स्थल पर थूकते देखा। जिलाधिकारी ने तत्काल वाहन रोककर पालिका के कर्मचारियों को बुलाया और थूकने वाले व्यक्ति का 200 रुपये चालान काटने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना विधेयक का सख्ती से पालन करने के निर्देश देते हुए विधेयक का पालन नहीं करने वालों का चालान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी पालिका, अधिशासी अभियंता लोनिवि को सड़क मार्ग में जहां-तहां कूड़ा कचरा डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा।