अल्मोड़ा। प्रदेश में स्थानांतरण एक्ट लागू करने, उपार्जित अवकाश के दिन बढ़ाकर पांच सौ करने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने समेत 22 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को भी विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने विभागों में रिक्त पड़े पदों के सापेक्ष तत्काल विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक कर प्राप्त कर्मचारियों को प्रोन्नति प्रदान करने की मांग भी की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर बुधवार को गांधी पार्क में स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास, मत्स्य और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों ने धरना दिया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने प्रदेश में स्थानांतरण एक्ट को लागू करने और लागू करने से पूर्व कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों को भी विश्वास में लेने की मांग की। अध्यक्षता डा. माया भंडारी ने और संचालन कैलाश चंद्र जोशी ने किया। इस अवसर पर दिलीप सिंह मेहता, कृष्ण मोहन जोशी, विनीता वर्मा, शशीकला टम्टा, आशा भैसोड़ा, अनीता टम्टा, उमा नेगी, आशु उप्रेती, जगदीश सिंह बोरा, रविंद्र कोहली, मोहन सिंह, जरीना बेगम, बसु पांडे, हंसी रौतेला ने भी विचार रखे। इस दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।