अल्मोड़ा। दन्या पुलिस और एसओजी की टीम ने पिकप में अवैध रूप से भैंसें ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही मामले में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है। तीनों आरोपी भैंसों को लादकर सुवाखान होते हुए हल्द्वानी जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस और एसओजी की टीम ने सुवाखान तिराहे पर पिकअप संख्या यूपी 87टी-0832 की तलाशी ली तो वाहन के अंदर सात भैंसों को क्रूरता पूर्वक लादकर हल्द्वानी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में शरीफ निवासी नौगवा चमरौआ, जसीम निवासी नौगवा और फईम निवासी सिरौली कला, किच्छा को गिरफ्तार करते हुए 11/2017, धारा 11 (घ) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने बताया कि बरामद भैंसों को केदार दत्त निवासी कुरौरी के सुपुर्द किया गया है। टीम में दिनेश नगरकोटी, मोहन सिंह, दीपक सिंह, संदीप शामिल थे।