‘सफलता के लिए जीवन में अनुशासन जरूरी’
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा है कि सफलता के लिए जीवन में अनुशासन जरूरी है। छात्र-छात्राएं लक्ष्य निर्धारित कर कठोर परिश्रम करें। डीएम केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा के वार्षिकोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। वार्षिकोत्सव में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
डीएम ने कहा कि आज की व्यस्त जीवन शैली में अभिभावक अपने बच्चों के लिए समय अवश्य निकालें और उन्हें विश्वास में लें। बदलते दौर में बच्चों को बुरी आदतों से बचाना होगा। साथ ही आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी और संचार का है। विद्यार्थियों को भी उसी के अनुसार अपने को ढालना होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल मीणा ने स्कूल की वार्षिक उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि स्कूल की अनेक प्रतिभाओं ने पढ़ाई के साथ ही खेलकूद में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत भी किया। छात्र-छात्राओं ने कुमाऊंनी, गढ़वाली समेत अन्य नृत्यों की प्रस्तुति दी। डीएम ने गढ़वाली नृत्य की शानदार प्रस्तुति पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया। कार्यक्रम में डीएफओ एसआर प्रजापित, सीडीओ जेएस नागन्याल, परियोजना निदेशक डीडी पंत, मुख्य कोषाधिकारी विक्रम सिंह जंतवाल, एसएसबी के सहायक सेनानायक जीसी पांडे, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. योगेश पुरोहित, अर्थ संख्याधिकारी जेएस कालाकोटी, शिक्षिका तारा कन्नौजिया, विमलेश, पीएम सिंह आदि मौजूद थे। संचालन मोहम्मद नाजिर और अंजुम दास ने किया।