गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील सभागार में आयोजित प्राधिकरण दिवस में कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर एडीएम और जिला विकास प्राधिकरण के सचिव राहुल गोयल ने का कि गरुड़ में जल्दी ही प्राधिकरण का कार्यालय खोला जाएगा।
इस मौके पर उन्होंने प्राधिकरण का क्षेत्र, उद्देश्य, अवस्थापना मद के अंतर्गत किये जाने वाले विकास कार्यों, मानचित्र स्वीकृत के प्राविधानों और अवैध निर्माण के निस्तारण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का गठन नवंबर 2017 में किया गया है। जिसमें प्राधिकरण की सीमाएं निर्धारित की गयी हैं। जो क्षेत्र प्राधिकरण के अंतर्गत आते है, उन्हें अपने भवन निर्माण हेतु प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति कराना अनिवार्य है तभी वह भवन निर्माण करा सकते है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा अपनी पुस्तैनी जमीन में 200 वर्ग मीटर भू-भाग में भवन निर्माण करता है तो उसके लिए उन्हें प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत एवं शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए उन्हें विकास प्राधिकरण कार्यालय को एक घोषणा पत्र/शपथ पत्र देना होगा । संयुक्त नियोजक कुमाऊं मंडल हल्द्वानी शशि मोहन श्रीवास्तव ने विकास प्राधिकरण के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर नंदी देवी निवासी ग्राम नौघर गरुड़, सुरेश चंद्र सिंह निवासी नौघर गरुड़, सुंदर सिंह बोरा निवासी कौसानी, हरीश कुमार निवासी गरुड़ एवं भूपाल सिंह विष्ट निवासी गरुड़ के शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया।