अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में ब्राइट एंड कॉर्नर पर लगी स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थल के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 40 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। अल्मोड़ा के विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने यह जानकारी देते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका परिषद अल्मोड़ा द्वारा ब्राइट एंड कॉर्नर पर स्वामी विवेकानंद की स्मृति में पार्क का निर्माण शुरू किया गया था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इसके लिए 50 लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा की थी लेकिन पूर्व में सरकार ने इसके लिए 10 लाख रुपये मंजूर हो सके थे।
इधर क्षेत्रीय विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने बताया है कि बीते दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से विशेष आग्रह किया था और मुख्यमंत्री ने इसके लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इसका आदेश पहुंच चुका है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि बाहर से अनेक पर्ययक अल्मोड़ा में स्वामी विवेकानंद से जुड़े स्थलों को देखने आते हैं। 40 लाख के बजट से पार्क में सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा नगर की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने का प्रयास करेंगे।