अल्मोड़ा। कोसी नदी में सिल्ट आने से जल संस्थान के तीनों पेयजल पंप साढ़े अट्ठारह घंटे ठप रहे। जिसके चलते सोमवार को पूरे शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। जल संस्थान अब मंगलवार को शहर के मोहल्लों में पानी की आपूर्ति करेगा।
बारिश के चलते रविवार सायं से कोसी नदी का जल स्तर बढ़ने और गंदे पानी के साथ सिल्ट बहकर आने लगी। जिससे रविवार सायं 5:30 बजे कोसी नदी में स्थित जल संस्थान के तीनों पेयजल पंपों ने काम करना बंद कर दिया। इस कारण रविवार को पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों की करीब एक लाख से अधिक आबादी को पानी नहीं मिला।
सोमवार को दोपहर 12 से जल संस्थान ने तीनों पेयजल पंप चलाने शुरू किए। जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि पंप ठप होने के कारण सोमवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों को पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। अब पंपों ने काम करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को शहर में पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। सोमवार को जल संस्थान ने नगर के थपलिया मोहल्ले में टैंकर से पानी की आपूर्ति की।