अल्मोड़ा। नगर में फेरी व्यवसायियों को पालिका परिषद अनुमति पत्र और फोटो युक्त पहचान पत्र जारी करेगी। नगरीय फेरी समिति की अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
तय हुआ कि फेरी व्यवसायियों के लिए वेंडर जोन निर्माण और फेरी व्यवसायियों को अनुमति पत्र और फोटो युक्त पहचान पत्र जारी होंगे। नए वेंडर जोन के निर्माण के लिए आगणन शहरी विकास निदेशालय को भेजने की संस्तुति की गई। वर्तमान में नगर क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडरों की पहचान और पूर्व में किए गए सर्वे के संबंध में भी चर्चा की गई।
मेले और अन्य अवसरों पर अस्थाई पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि खाद्य पदार्थ विक्रय संबंधी फेरी व्यवसायियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस लिया जाना अनिवार्य होगा।
जिसके लिए पालिका परिषद द्वारा उनका सहयोग किया जाएगा। प्रतिनधित्व के लिए फेरी व्यवसासियों के प्रतिनिधियों का चुनाव कराने पर भी चर्चा हुई। संचालन सिटी मिशन मैनेजर मनोज कर्नाटक ने किया। बैठक में समिति के सदस्य लीड बैंक मैनेजर आभाष कुमार, निरीक्षक यातायात पुलिस वीरेंद्र बिष्ट, अवर अभियंता महेंद्र बिष्ट, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भंडारी, तहबाजारी निरीक्षक कमल पाठक, डाटा इंट्री आपरेटर दीपा जोशी, सामुदायिक संगठनकर्ता रमेश तिवारी और फेरी व्यवसायी उपस्थित थे।