अल्मोड़ा। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 13 और 14 जून को अल्मोड़ा में दो दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस रक्तदान शिविर में पहले दिन 13 जून को 13 सिख रेजीमेंट मुख्यालय में रक्तदान शिविर होगा जिसमें दर्जनों सेना के जवान लोगों को नया जीवन देने के उद्देश्य से रक्तदान करेंगे। 14 जून को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
रक्तदान शिविर की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस मौके पर अधिक से अधिक स्वयंसेवियों से रक्तदान करने का आह्वान किया गया है। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ.आरएस शाही ने बताया कि इस सीजन में रोगियों के लिए रक्त की काफी की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करने से कोई नुकसान नहीं होता बल्कि कई फायदे ही होते हैं। इधर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष किशन गुरुरानी ने भी अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया है।