अल्मोड़ा। शुक्रवार देर रात यहां लिंक रोड में स्थित एक होटल में शादी की पार्टी में एक युवक ने डांस के दौरान हर्ष फायरिंगल कर डाली। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। फायर के कारण हॉल की छत से सीमेंट के कुछ टुकड़े टूटकर लोगों को लगे। रात में ही किसी ने फोन से सूचना पुलिस को दे दी लेकिन हवाई फायर करने वाला युवक वहां से फरार हो गया।
पुलिस युवक की पहचान करने में जुट गई है। हालांकि इस घटना को लेकर अभी तक पुलिस को किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। अल्मोड़ा में हर्ष फायरिंग की यह पहली घटना है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को लिंक रोड में स्थित होटल में लड़के की शादी के अवसर पर पार्टी चल रही थी। कुछ लोग हॉल में डांस कर रहे थे। बताया गया है कि रात करीब पौने दस बजे डांस कर रहे एक युवक ने अपनी कमर से रिवाल्वर (तमंचा) निकाला और ऊपर की तरफ एक-दो फायर कर डाले। पुलिस ने बताया कि छर्रे हॉल की छत से टकराने के बाद सीमेंट के कुछ टुकड़े टूटकर दो-तीन लोगों पर गिरे। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और म्यूजिक बंद कर दिया गया।
फायर सुनकर घबराए कुछ लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। जब तक पुलिस पहुंचती फायर करने वाला युवक मौके की नजाकत देखते हुए वहां से भाग गया। पुलिस ने रात में होटल में पहुंचकर होटल कर्मियों और पार्टी में शामिल दूल्हे के परिवारजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन फायर करने वाले युवक का पता नहीं लग सका।
इधर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवीफिल्म को भी देखा जा रहा है। कोतवाल वर्मा ने बताया कि जल्द ही हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करके उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।