अल्मोड़ा। विवेकानंद इंटरमीडिएट कॉलेज रानीधारा के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल का कहना है कि बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। यदि पढ़ाई में लापरवाही बरती तो भविष्य में परेशानी हो सकती है।
वह मानते हैं कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का असर विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है।
अभिभावक बच्चों को महंगे मोबाइल दे देते हैं। सोशल मीडिया में अच्छी और गलत दोनों चीजें आती हैं। जिसका प्रभाव बच्चों पर पड़ता है। वह बताते हैं कि विद्यालय में मोबाइल फोन प्रतिबंधित है।
इस बार विद्यालय के बच्चों द्वारा पिछले वर्ष के मुकाबले मेरिट सूची में पर्याप्त स्थान नहीं पाने पर वह कहते हैं कि थोड़ी हमारी कमी रही होगी तो थोड़ी बच्चों की।
उन्होंने बताया कि विद्यालय अवधि में शिक्षण के अलावा इंटरमीडिएट के बच्चों के लिए गणित, विज्ञान, रसायन, हाईस्कूल में गणित, विज्ञान अंग्रेजी की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाती हैं। वह कहते हैं कि शिक्षक पूरी तैयारी के साथ बच्चों को अध्ययन कराते हैं। बच्चे भी मेहनत करते हैं और अभिभावक भी सहयोग करते हैं।