भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तकनीकी दिक्कतों के चलते भिकियासैंण के डाकघर में बीते आठ दिनों से आधार कार्ड से संबंधित कोई भी कार्य नहीं हो पा रहे हैं। जिससे दूरदराज गांवों से पहुंच रहे लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।
बता दें कि भिकियासैंण में आधार कार्ड बनवाने के लिए इन दिनों कोई कॉमन सेंटर काम नहीं कर रहा है। पहले कुछ सेंटर काम करते थे, लेकिन कुछ माह से यह काम इन सेंटरों से हटाकर डाकघर और कुछ चुनिंदा बैंकों को सौंप दिया गया है।
बताया गया है कि साफ्टवेयर अपग्रेड नहीं होने के कारण 20 मई से आधार कार्ड बनाने का काम ठप पड़ा है। बाजन, विनायक, सिनार, बासोट, सनणा आदि क्षेत्रों के ग्रामीण 15 से 20 किमी दूर से डाकघर पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां मायूसी हाथ लग रही है। लोगों का कहना है कि कई कार्यों के लिए आधार कार्ड आवश्यक तौर पर मांगा जाता है, लेकिन आधार कार्ड नहीं बनने से परेशानी हो रही है। इधर स्थानीय डाकघर के पोस्टमास्टर एचएस नेगी का कहना है कि साफ्टवेयर का सर्वर अपडेट नहीं होने से तकनीकी दिक्कत आई है जिसकी सूचना जिले के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।