अल्मोड़ा। राजकीय शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों ने प्रवक्ता संवर्ग की अनिवार्य स्थानांतरण सूची में पर्वतीय क्षेत्र के शिक्षकों द्वारा मैदानी जिलों के विद्यालयों के लिए विकल्प नहीं भरे जाएंगे, की शर्त को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी शर्त स्थानांतरण एक्ट का उल्लंघन है।
संघ ने इस संबंध में प्रांतीय कार्यकारिणी को ज्ञापन भेजकर आवश्यकता पड़ने पर विरोध करने की चेतावनी दी है। वक्ताओं ने कहा कि प्रवक्ता संवर्ग का राज्य स्तरीय कैडर है और शिक्षक पूरे प्रदेश में कहीं भी विकल्प भर सकता है। ऐसी शर्त रखना पहाड़ी क्षेत्रों में काम करने वाले शिक्षकों के साथ अन्याय है।
जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने इस संबंध में प्रांतीय कार्यकारिणी से इस निर्णय को लेकर निदेशक के समक्ष विरोध जताने की मांग की है। बैठक में जिलाध्यक्ष हीरा बोरा, जिला मंत्री भूपाल सिंह चिलवाल, कुलदीप जोशी, कैलाश, राजेंद्र कुमार जोशी, पंकज टम्टा, किशन खोलिया, कैलाश डोलिया, राजेंद्र बोरा, राजेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।