अल्मोड़ा। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार 20 अप्रैल से प्रारंभ होगा। मूल्यांकन के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड कार्यालय से मूल्यांकन के लिए उत्तर पुस्तिकाएं जिले में पहुंच चुकी हैं। जिला मुख्यालय में राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा, जबकि रानीखेत स्थित मूल्यांकन केंद्र में भी हाईस्कूल और इंटर की कापियां जांची जाएंगी। भिकियासैंण केंद्र में हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद ने बताया कि रामनगर बोर्ड कार्यालय से मूल्यांकन के लिए परीक्षकों को ड्यूटी के लिए पत्र आवंटित हो गए हैं। 20 अप्रैल से तीनों स्थानों पर बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा।