अल्मोड़ा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों की बैठक लेकर आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता प्रभावी हो गई है। संपत्ति विरुपण अधिनियम के तहत 72 घंटे के भीतर निजी संपत्तियों से भी सभी प्रकार के अनाधिकृत पोस्टर, पफलेट हटवाएं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों आदि के विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणीकरण के लिए एमसीएमसी का गठन तत्काल कर लें। शिकायत प्रकोष्ठ और कंट्रोल रूम सुचारू कर लें। निर्वाचन व्यय लेखा के अनुसरण और पर्यवेक्षण के लिए व्यय लेखा, आदर्श आचार संहिता संबंधी टीमें प्रभावी रूप से प्रारंभ करवाना सुनिश्चित करें। आचार संहिता प्रभावी रहने के दौरान रात 10 बजे से सुबह 10 बजे तक लाउडस्पीकर का प्रयोग वर्जित रहेगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी षणमुगम ने आईटी एप्लीकेशन, सुगम, सुविधा और सी-विजिल आदि के बारे में बताया। जिला निर्वाचन अधिकारी को नामांकन प्रक्रिया की तैयारी पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए। वीसी में जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन सीडीओ मनुज गोयल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल फिरमाल, प्रभारी अधिकारी आचार संहिता केके पंत, प्रभारी अधिकारी व्यय मो. गुलफाम, अपर प्रभारी अधिकारी कार्मिक राजेश तिवारी आदि उपस्थित थे।