द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। भारतीय दूरसंचार निगम लि. ने जिले में सोमेश्वर के बाद अब द्वाराहाट उप मंडल में फोर-जी सेवा शुरू कर दी है। देहरादून से बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक एचके वर्मा ने द्वाराहाट की फोर-जी सेवा का शुभारंभ किया। अल्मोड़ा दूरसंचार क्षेत्र में फोर-जी के 29 बीटीएस लगाए गए हैं।
द्वाराहाट उपमंडल के बयेड़ा-जालली, दौला, कन्हौनी-मासी, पांडुखाल, गनाई और गोदी में फोर जी सेवा शुरू हुई है। द्वाराहाट बीएसएनएल कार्यालय ने जालली, गोदी और गनाई में शिविर लगाकर इसकी शुरुआत कर फोर-जी सिम उपभोक्ताओं को वितरित किए।
साथ ही उपभोक्ताओं के सिम को फोर-जी में अपग्रेड किया गया। दूरभाष केंद्र द्वाराहाट के अवर दूरसंचार अधिकारी हरीश चंद्र तिवारी ने बताया कि उपभोक्ता इन स्थानों पर स्थित बीएसएनएल रिटेलर अथवा नजदीकी दूरभाष केंद्र से नए संयोजन, अपने पुराने बीएसएनएल सिम को फोर जी सिम में अपग्रेड करा कर सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अब बीएसएनएल लैंडलाइन और पोस्टपेड मोबाइल बिल को बीएसएनएल रिटेलर द्वारा भी सी-टॉप के माध्यम से जमा करवाया जा सकता है। इससे दूरदराज के उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने के लिए उपभोक्ता सेवा केंद्र अथवा पोस्ट आफिस आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
बीएसएनएल की गो-ग्रीन योजना के तहत सभी पोस्टपेड उपभोक्ताओं (लैंडलाइन/मोबाइल) को फरवरी से पेपरलेस बिल मिलेंगे। यह बिल उपभोक्ताओं को उनके द्वारा दर्ज कराई गई ई-मेल पर भेजे जाएंगे । बिल बीएसएनएल पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेंगे।