अल्मोड़ा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में वक्ताओं ने राज्य के कई रूटों में निजी वाहनों को दिए गए परमिटों को निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि डिपो में टायर, बैट्री और स्पेयर पार्ट्स पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को पूर्व से मिल रहे एसीपी लाभ को अचानक काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसे निरस्त कर पुन: देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर निगम प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हुई वार्ता में निगम प्रबंधन ने नवंबर-दिसंबर का वेतन एक साथ देने को कहा था, लेकिन अब तक वेतन नहीं दिया गया है।
इस कारण कर्मचारी परेशान हैं। उन्होंने अल्मोड़ा डिपो में 30 चालक, 30 परिचालकों की नियुक्ति करने, 20 नई बसें देने की मांग की। कहा कि कर्मचारियों को माह की पहली तारीख को वेतन का भुगतान किया जाए। अध्यक्षता गोविंद प्रसाद टम्टा ने और संचालन डिपो मंत्री राम दत्त पपनै ने किया।
बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री उमेश चंद्र भट्ट, सुरेश सिंह नेगी, रमेश जोशी, आनंदी शुक्ला, तारा जोशी, राकेश कुमार, चंदन सिंह राणा, हरीश रावत, आनंद प्रसाद, पीसी पलडिय़ा, हरीश पांडे, प्रदीप टम्टा, विशन गिरी, नवीन तिवारी, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।