अल्मोड़ा। गोवर्द्धन पर्व पर महर्षि दयानंद गो सदन ज्योली में गोवर्द्धन पूजा की गई। इस मौके पर गोवर्द्धन यज्ञ कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। गो सेवा ट्रस्ट के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों ने यज्ञ में आहुतियां दी। गो सेवा ट्रस्ट के सचिव दयाकृष्ण कांडपाल ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने सबसे पहले गुलाम भारत में गो रक्षा का मामला उठाया था। धीरे-धीरे गो रक्षा राष्ट्रव्यापी अभियान बन गया है।
उन्होंने कहा कि आज जिस तरह गायों को लावारिस छोड़ा जा रहा है वह बेहद चिंताजनक है। बताया कि गाय के जीवन को बचाने के लिए आठ वर्ष पूर्व उन्होंने ज्योली में गो सदन स्थापित किया था। जिसमें आज कई गायें रहती हैं। आर्य समाज के विद्वान सेवानिवृत्त प्रो. जय दत्त उप्रेती ने यज्ञ संपन्न कराया। इस मौके पर ट्रस्ट के प्रधान शिक्षाविद् विपिन चंद्र जोशी, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पूरन चंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष बद्री अग्रवाल, मदन लाल साह ने विचार रखे। इस अवसर पर मनोज लोहनी, भुवन आर्या, कलावती तिवारी, आस्था कांडपाल, कैलाश लोहनी, पान सिंह आदि मौजूद थे। ब्यूरो