अल्मोड़ा। ईसीएचएस पॅालिक्लीनिक के मैनेजिंग डायरेक्टर मेजर जनरल अशोक कुमार ने ईसीएचएस पॅालिक्लीनिक अल्मोड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने पॅालिक्लीनिक में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल मैनेजिंग डायरेक्टर से मिला और उनके सामने ईसीएचएस से जुड़ी तमाम समस्याएं रखीं।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि ईसीएचएस पॅालिक्लीनिक से रेफर होने वाले रोगी को ईसीएचएस बरेली भेज दिया जाता है। वहां से संबंधित अस्पताल भेजा जाता है। इससे जहां रोगी का समय बर्बाद होता है वहीं कई बार उनकी जान पर बन आती है। उन्होंने रोगी को ईसीएचएस से सीधे अस्पताल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि ईसीएचएस पॅालिक्लीनिक अल्मोड़ा में दांतों से संबंधित रोग का उपचार नहीं होता है।
इस कारण पूर्व सैनिकों को बरेली जाना पड़ता है। कुमाऊं से बरेली की दूरी काफी है। इस कारण पूर्व सैनिकों का आवागमन में ही काफी धनराशि खर्च होने के साथ ही समय बर्बाद होता है। उन्होंने वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को उपचार के दौरान एक सहायक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मैनेजिंग डायरेक्टर मेजर जनरल अशोक कुमार ने शिष्टमंडल को समस्याओं के समाधान करने का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष दीपक कुमार टम्टा, संरक्षक किशोर जोशी, कर्नल जेसी लोहनी, कर्नल जयघंत थापा, ज्येष्ठ उपाध्यक्ष महिपाल सिंह मेहता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष हवलदार आनंद सिंह बिष्ट, सचिव सुरेंद्र लाल टम्टा, पूरन सिंह ऐरी, जीवन नाथ वर्मा, आरएस शाही आदि शामिल थे।