विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग
- फोटो : अमर उजाला
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट ब्लॉक मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से लो वोल्टेज की समस्या है। शिकायत करने के बावजूद समस्या न सुलझने से नाराज व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को शशिखाल स्थित बिजलीघर में तालाबंदी कर दी। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। तालाबंदी के दौरान पावर हाउस में काम ठप रहा। जेई के आश्वासन के बाद तालाबंदी खोली गई।
सल्ट ब्लॉक मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से लो वोल्टेज विद्युत आ रही है। इस कारण व्यापारियों के साथ आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने इस संबंध में निगम के अधिकारियों को कई बार सूचना दी थी लेकिन लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं हुई। नाराज व्यापारियों ने गुरुवार को शशिखाल स्थित बिजलीघर में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने निगम के खिलाफ नारेबाजी की। जेई भूपाल सिंह ने दूरभाष पर व्यापारियों को लो वोल्टेज विद्युत की समस्या शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों का कहना है कि विकासखंड में सिर्फ दो लाइनमैन हैं जबकि उनके पास 100 से अधिक गांवों की जिम्मेदारी है। इस कारण आए दिन विद्युत अव्यवस्था हो रही है। लो वोल्टेज के कारण फोटोस्टेट, फोटोग्राफी, आइसक्रीम आदि व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। तालाबंदी करने वालों में योगेंद्र अधिकारी, भुवन अधिकारी, सुरेश अधिकारी, देवेंद्र अधिकारी, धर्मेंद्र कुमार, मनीष जोशी, संतोष कुमार, जोगा सिंह नेगी, दुर्गा सिंह, आनंद शर्मा, महेंद्र राणा, गिरीश राणा, रवि कुमार, जगत सिंह, घनश्याम अधिकारी, बालम सिंह, सुरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, लछम सिंह आदि हैं।
नारेबाजी कर व्यापारियों ने विरोध जताया
लो वोल्टेज से जूझ रहे सल्ट के लोग