अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को विकास से कोई लेना-देना नहीं है। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार में कमीशनखोरी बढ़ी है। जनता भाजपा की कथनी और करनी में अंतर समझ गई है।
यहां जारी बयान में विधायक कुंजवाल ने कहा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री तीरथ सिंह रावत स्वयं स्वीकार रहे हैं कि सरकारी विभागों में 50 फीसदी तक कमीशनखोरी हो रही है। कहा मोदी सरकार के कार्यों से जनता परेशान है। प्रधानमंत्री ने चार साल में जनता को लच्छेदार भाषणों के अलावा कुछ नहीं दिया, जो सरकार भ्रष्टाचार को मिटाने के नाम पर केंद्र में सत्तासीन हुई थी, वो सरकार राफेल डील सहित कई मुद्दों पर खुद ही विवादों में आ गई है और जनता का मोदी सरकार से विश्वास उठने लगा है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र रावत सरकार में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में स्वीकृत, निर्माणाधीन योजनाओं को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। गौरादेवी, नंदादेवी, मेरी कन्या मेरा धन योजनाओं के बजट में कटौती, वृद्ध, विकलांगों की पेंशन, मेरा गांव मेरी सड़क योजना को बंद करना, गांवों के विकास के बजट में कटौती करना भाजपा सरकार की उपलब्धि रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। सरकार के मंत्री और विधायक तक निर्माण कार्यों में सीधे हस्तक्षेप करने लगे हैं।