चौखुटिया (अल्मोड़ा)। लंबी दूरी की बसों के रखरखाव को लेकर रोडवेज की लापरवाही कई बार उजागर हुई है। सोमवार को दिल्ली जाने वाली बस में आई खराबी इसका ताजा उदाहरण है। बस की खराबी से परेशान यात्रियों के हंगामे के बाद मासी से दिल्ली जाने वाली बस को उल्टा चौखुटिया बुलाकर यात्रियों को उसमें रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार रानीखेत डिपो की बस संख्या यूके 07-पीए-3212 को सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली को रवाना होना था, परंतु चालक की तमाम कोशिशों के बाद भी बस स्टार्ट नहीं हो पाई। बस में जाने वाले अन्य यात्रियों के अलावा ग्यारह यात्री ऐसे थे जिन्होंने ऑन लाइन बुकिंग कराई थी। बस की खराबी को देखते हुए उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। नियमानुसार ऑन लाइन बुकिंग की सवारियों की धनराशि लौटाना भी संभव नहीं था। लिहाजा विभाग ने मासी से दिल्ली जाने वाली बस को चौखुटिया बुलवाकर उन्हें उसमें भेजा।
जानकारी के अनुसार यह बस पहले भी तीन बार खराब हो चुकी है। इसके बावजूद बगैर फिटनेस के लंबी दूरी पर खटारा बस का संचालन करने पर लोग सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है विभाग को रोडवेज में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा की कोई चिंता नहीं है।