अल्मोड़ा। सरकारी सस्ता गल्ले की दुकान से राशन लेने वाले ऐसे उपभोक्ताओं के राशन कार्ड में एक फरवरी से अनाज मिलना बंद हो जाएगा जिनके आधार लिंक नहीं हैं। भारत सरकार के नए निर्देश के बाद आधार लिंक वाले उपभोक्ताओं को ही राशन आपूर्ति करने के निर्देश जिला पूर्ति विभाग को दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले में 1.41 लाख राशन कार्ड उपभोक्ता हैं। जिसमें से प्रत्येक कार्ड में परिवार की संख्या के आधार पर कई यूनिटें हैं। जो कि 6.80 लाख पहुंच गई हैं। भारत सरकार के निर्देश के बाद राशन कार्ड धारक के साथ-साथ प्रत्येक कार्ड में यूनिट धारकों को भी अपना आधार लिंक कराना आवश्यक है।
इसमें से 72 प्रतिशत कार्डधारकों ने अपना और कार्ड के प्रत्येक यूनिट का आधार लिंक करा लिया है, लेकिन जिन उपभोक्ताओं ने अपना आधार लिंक नहीं कराया है उनको एक फरवरी से अनाज मिलना बंद हो जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे उपभोक्ता सस्ते गल्ला विक्रेता, जिला पूर्ति विभाग या फिर ग्रामीण स्तर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पास जाकर अपने राशन कार्ड को जनवरी तक आधार से लिंक करवा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले में करीब 50 प्रतिशत एपीएल कार्ड धारकों को ऑनलाइन लिंक किया जा चुका है और उनको डीबीटी का लाभ दिया जा रहा है। जो बच गए हैं ऐसे उपभोक्ताओं को बैंक के आईएफएससी कोड के साथ गल्ला विक्रेता, जिला पूर्ति विभाग या फिर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पास जाकर कार्ड को बैंक खाते से लिंक कराना आवश्यक है तभी उनको भी डीबीटी का लाभ मिल सकेगा।