अल्मोड़ा। पिछले वर्ष कोसी नदी में बैराज के आसपास जल क्रीड़ा केंद्र खोलने को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की गई थीं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शासन से तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन न तो अब तक बजट आया और न निर्माण शुरू हो सका। ऊपर से सिंचाई विभाग ने भी अनापत्ति प्रमाण पत्र पर्यटन विभाग को नहीं दिया।
जल क्रीड़ा में रुचि रखने वालों के लिए पिछले वर्ष कोसी नदी में बने बैराज के आसपास स्पोर्ट्स सेंटर खोलने की कवायद शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की घोषणा के बाद शासन से स्पोर्ट्स सेंटर खोलने की मंजूरी मिली और योजना के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हुए।
जिसके बाद केएमवीएन ने आगणन तैयार कर शासन को भेज दिया था। जिसमें बैराज क्षेत्र को पर्यटन के तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव बनाया गया था और जल क्रीड़ा से संबंधित खेलकूद वाटर कैनोइंग, वाटर स्कूटर, इंजन वाला राफ्ट, लैंड स्केप पार्क निर्माण, रोप कोर्स गतिविधियां, बायो टायलेट, आर्टीफिशियल दीवार आदि के निर्माण के अलावा पर्यटकों के लिए टेंट कालोनी का इस जगह पर निर्माण किया जाना था, लेकिन इस स्थान पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग ने पर्यटन विभाग को बैराज के इर्द-गिर्द बनने वाले जल क्रीड़ा केंद्र के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया है। सिंचाई विभाग ने कुछ बिंदुओं के साथ पर्यटन विभाग से जवाब मांगा था। फिलहाल यह योजना भी शासन स्तर पर फाइलों में ही घूम रही है। इधर जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य का कहना कि तीन करोड़ की इस योजना के लिए सिंचाई विभाग ने कुछ बिंदुओं पर जवाब मांगा था जिसे जवाब बनाकर विभाग को भेज दिया गया है। जल क्रीड़ा केंद्र का भी प्रस्ताव बनाकर पर्यटन निदेशालय को भेज दिया गया है। फिलहाल सिंचाई विभाग से एनओसी नहीं मिली है और योजना के लिए भी बजट नहीं आया है।