अल्मोड़ा। खत्याड़ी निवासी हिमांशु धर्मशक्तू की मौत का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने रविवार को भी गांधी पार्क में धरना दिया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं में जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक के आज तक धरना स्थल पर नहीं पहुंचने पर रोष जताया है। इधर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने हिमांशु की मौत को जघन्य हत्याकांड बताते हुए अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि सांसद और विधायक अब तक धरना स्थल पर नहीं पहुंचे हैं, जबकि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय मोहल्लों और घरों के चक्कर काटते हैं। धरने में इंद्रा गनघरिया, बसंती, प्रतीक्षा, लक्ष्मी, मंजू, पुष्पा, कमला, रुकमा, नारायणी, जमुना, कलावती आदि बैठे।
इधर आज संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी से मुलाकात की। एसएसपी ने अब तक की गई जांच से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। समिति ने कहा है कि जब तक मामले का खुलासा नहीं हो जाता अनशन जारी रखा जाएगा। हिमांशु की मौत का यदि पुलिस खुलासा नहीं करा पाती है तो सीबीआई से जांच कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल में बलवंत सिंह धर्मशक्तू, गोकर्ण सिंह पांगती, चंद्र ंसिंह मर्तोलिया, जवाहर सिंह गनघरिया, केपी जोशी, मोहन सिंह लस्पाल, करन सिंह मर्तोलिया शामिल थे।