अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा ने नगरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर क्षेत्र में करीब 25 लाख रुपये से विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक जगहों पर 15 वाटर कूलर स्थापित किए हैं। इससे शहर के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों को पानी के लिए नहीं भटकना पड़ेगा।
नगर निगम के अनुसार वाटर कूलर उन स्थानों पर लगाए गए हैं जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, व्यापारी, श्रद्धालु और पर्यटक आते-जाते हैं। इससे लोगों को हर मौसम में स्वच्छ और पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम लगातार जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित होने से प्रतिदिन हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। भविष्य में भी नगर निगम नागरिक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए नई योजनाएं लागू करेगा।
नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि सभी वाटर कूलरों के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और संचालन की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिलता रहे। उन्होंने नागरिकों से इन सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और उनकी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
भैरव मंदिर परिसर में लगाए गए वाटर कूलर का शुभारंभ महापौर अजय वर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा और स्थानीय पार्षद अमित साह मोनू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।