डे-केयर सेंटर के तत्वावधान में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए जल मूल्य में हर साल 15 फीसदी बढ़ोतरी पर नाराजगी जताई।
विधायक मनोज तिवारी ने भी जल मूल्य में की जा रही वृद्धि को उचित नहीं बताया और समाधान के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता कर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि जल मूल्य में बढ़ोतरी पूरे प्रदेश में की जा रही है। भवन कर के आधार पर जल मूल्य वसूला जाना न्यायोचित नहीं है। नौ अगस्त को सीएम के सम्मुख इस बारे में वार्ता कर हल निकालने के प्रयास होंगे।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि इस संबंध में कई बार सरकार और जल संस्थान के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई हल नहीं निकलने से लोगों में रोष है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रति वर्ष जल मूल्य में हो रही 15 फीसदी की बढ़ोतरी से लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस बढ़ोतरी को सरकार शीघ्र वापस ले।
प्रो. अरुण पंत, मदन लाल साह, पूरन चंद्र तिवारी, प्रफुल्ल पंत, रवि रौतेला, लक्ष्मण ऐठानी आदि ने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह ऐरी ने सभी का आभार जताया।
इस मौके पर अवकाश प्राप्त ब्रिगेडियर केसी जोशी, भगीरथ पांडे, केसी पांडे, युसूफ तिवारी, अशोक पांडे, गोकुल सिंह रावत, शेर सिंह बुडाल, बीएस मेहरा आदि मौजूद थे। अध्यक्षता लीला टम्टा और संचालन डा. जेसी दुर्गापाल ने किया। बैठक के अंत में पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर शोक जताया।
फोटो लाइन- संग्रहालय सभागर अल्मोड़ा में डे-केयर की बैठक में मंचासीन विधायक मनोज तिवारी एवं अन्य। 29एएलएम3पी