अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में 1496 छात्र-छात्राएं अपनी सरकार चुनने के लिए पहली बार छात्रसंघ चुनाव में मतदान करेंगे। संभावित प्रत्याशियों ने पहली बार मतदान करने जा रहे इन छात्र-छात्राओं को अपने पाले में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कोई नए छात्रों के बीच पहुंचकर मुद्दों और वादों का पिटारा खोल रहा है तो कोई सोशल मीडिया के जरिये अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा है। एसएसजे परिसर में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में 952 छात्राएं और 544 छात्र पहली बार अपने छात्र प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। नए छात्र-छात्राओं को अपने पक्ष में करने के लिए संभावित प्रत्याशी कक्षाओं, छात्रावासों और परिसर में विद्यार्थियों से संपर्क कर रहे हैं। परिसर में इस बार करीब 4661 छात्र-छात्राएं अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें से अकेले 1496 विद्यार्थी पहले सेमेस्टर के हैं इसलिए संभावित प्रत्याशी अपने वादों से नए विद्यार्थियों को रिझाने मेें जुुटे हैं। हालांकि एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए रोहित कुमल्टा के नाम पर दांव खेला है जबकि एनएसयूआई की ओर से अभी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
13 संभावित प्रत्याशियों ने ठोकी ताल
एसएसजे परिसर में विभिन्न पदों के लिए अब तक 13 संभावित प्रत्याशियों ने दावेदारी जताई है। अध्यक्ष पद पर दो, उपाध्यक्ष पद पर दो और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दो संभावित प्रत्याशी मैदान में हैं। महासचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पद पर एक-एक जबकि संयुक्त सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो-दो संभावित प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। ।