अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में शनिवार को एमएससी गणित, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान तृतीय सेमेस्टर की होने वाली परीक्षा का छात्रसंघ ने बहिष्कार का एलान किया है। छात्र संघ पदाधिकारियों का कहना है कि 16 दिसंबर को नेट की परीक्षा होनी है। जिसके परीक्षा केंद्र दूर-दूर हैं। परीक्षा तिथि नहीं बदली गई तो कई छात्र-छात्राएं नेट की परीक्षा से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने छात्रों की दिक्कतों को देखते हुए एमएससी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा तिथि बदलने की मांग की है।
छात्रसंघ अध्यक्ष राजन चंद्र जोशी और सचिव अक्षय कुमार ने कहा कि 15 दिसंबर को एमएससी गणित, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा होनी है। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राओं ने 16 दिसंबर को होने वाली नेट परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
नेट परीक्षा के लिए छात्रों ने व्यापक तैयारी की है। नेट परीक्षा केंद्र अन्य जिलों में भी हैं। उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर को परीक्षा होने के कारण छात्र-छात्राएं 16 दिसंबर को होने वाली नेट परीक्षा केंद्रों में समय पर नहीं पहुंच सकेंगे। इस कारण कई छात्र-छात्राएं नेट परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजकर 15 दिसंबर को होने वाली एमएससी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा तिथि में बदलाव करने की मांग की है। अन्यथा छात्र-छात्राएं शुक्रवार को होने वाली परीक्षा का बहिष्कार करेंगे।