सोमश्वर (अल्मोड़ा)। जिले के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए का आतंक नहीं थम रहा है। सोमवार को जंगल घास काटने गई हवालबाग विकासखंड के ग्राम पंचायत दाड़िमखोला निवासी 45 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला को उपचार के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से गांव में दहशत है।
दाड़िमखोला गांव निवासी भगवती देवी पत्नी गोविंद सिंह गांव की अन्य महिलाओं के साथ सोमवार सुबह सात बजे जंगल में मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। इसी बीच तेंदुए ने भगवती देवी पर हमला कर दिया। भगवती के चिल्लाने पर साथी महिलाओं ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद तेंदुआ भाग गया।
तेंदुए ने महिला के सिर, गर्दन और हाथ में पंजे मार रखे हैं। ग्रामीण घायल महिला को उपचार के लिए पहले मेहला स्थित स्वास्थ्य केंद्र लाए। इसके बाद महिला को उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया है। जहां महिला का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत खतरे से बाहर है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाने की मांग उठाई है। उन्होंने वन विभाग से घायल महिला को आर्थिक सहायता भी देने की मांग की है। इधर सोमश्वर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विशन लाल आर्या ने बताया कि घायल महिला को पांच हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान कर दी गई है।