अल्मोड़ा। राजस्व पुलिस ने अल्मोड़ा तहसील के अंतर्गत देवलीखान में बरामद हुए शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। राजस्व पुलिस के मुताबिक फिलहाल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है। मंगलवार रात घर से लापता हुए देवलीखान निवासी सुरेश चंद्र जोशी (38) पुत्र प्रेमबल्लभ जोशी का शव अगले दिन सुबह घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इधर एसडीएम विवेक राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। एसडीएम ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानने से इंकार किया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद राजस्व पुलिस आगे जांच करेगी।