अल्मोड़ा। डीडीए को समाप्त करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने 17वें दिन भी गांधी पार्क में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर प्राधिकरण को वापस लेने की मांग की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा डीडीए की आड़ में जनता का शोषण किया जा रहा है। समिति अप्रैल महीने में आंदोलन तेज करेगी। क्रमिक अनशन, चक्काजाम और आमरण अनशन कर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सरकार से विकास प्राधिकरण का शासनादेश वापस लेने की मांग की। अध्यक्षता प्रीति बिष्ट और संचालन मनोज सनवाल ने किया। धरने में पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष पीजी गोस्वामी, चंदन अधिकारी, अमित जोशी, हेम जोशी, कल्पना नेगी, लीला खोलिया, सुनयना मेहरा, लता तिवारी आदि थे।