अल्मोड़ा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पनुवानौला में आयोजित बाल शोध शिक्षण शिक्षा मेले में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के बहुरंगी रंग बिखेरे। इस मौके पर जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रवक्ता गोपाल सिंह गैड़ा ने कहा कि इस प्रकार के नवाचारी कार्यक्रमों से विद्यालयों में नामांकन वृद्धि और शैक्षिक गुणवत्ता वृद्धि संभव है। उन्होंने बच्चों से लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।
जूनियर हाइस्कूल शिक्षक संघ के शिव राम टम्टा ने कहा कि बच्चों द्वारा बनाए गए चार्ट, मॉडल प्रेरणादायी हैं। नीतिश और मुनीर ने मेले में शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। प्राथमिक विद्यालय पनुवानौला के शिक्षक पुष्पा जोशी और निर्मला ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों में सीखने की प्रवृति बढ़ती है।
मेले में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने विभिन्न विषयों पर बनाए गए चार्ट, मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई। इस मौके पर पूर्व सीआरसी समन्वयक गोविंद सिंह गैड़ा, प्रेम सिंह गैड़ा, चंद्रशेखर नेगी, सुमनकला, प्रधान कैलाश प्रसाद, एसएमसी अध्यक्ष दान सिंह सुयाल, उर्वा दत्त उपाध्याय, भगवान सिंह आदि मौजूद थे। संचालन पुष्पा जोशी और निर्मला भोज ने किया।