अल्मोड़ा। दुग्ध संघ अध्यक्ष कुंवर सिंह गोसाईं ने कहा है कि वर्तमान में अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले की 318 दुग्ध समितियों के माध्यम से प्रतिदिन 15 हजार लीटर दूध उत्पादन हो रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में दुग्ध उत्पादन में प्रतिदिन तीन हजार लीटर (करीब 16 फीसदी) की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ वर्तमान में 4.16 करोड़ घाटे में है। घाटे से उबरने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। दुग्धशाला प्लांट में सीसीटीवी लगा दिए गए हैं।
दुग्ध संघ कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पदभार ग्रहण करने से पहले करीब 12 हजार लीटर प्रतिदिन दूध उपार्जन था। जो वर्तमान में बढ़कर 15 हजार लीटर हो गया है। जुलाई से अब तक दुग्ध संघ को 17 लाख रुपये लाभ हुआ है। वर्तमान में दुग्ध संघ 4.16 करोड़ घाटे में चल रहा है। अकेले 2016-17 में दुग्ध संघ को 50 लाख का घाटा हुआ था। दुग्ध संघ द्वारा उपभोक्ताओं को प्रतिदिन आठ हजार लीटर दूध, 150 किलो प्रतिदिन पनीर, 400 किलो दही, 100 से 150 किलो घी की बिक्री की जा रही है।
छेना, रबड़ी डिमांड पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि 30 दुग्ध समितियों में कंप्यूटराइज्ड दुग्ध कलेक्शन यूनिट स्थापित कर दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष में 72 अन्य समितियों में कंप्यूटराइज्ड दुग्ध कलेशन शुरू हो जाएगा। चार रुपये प्रति किलो दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि देने के लिए 46 लाख रुपये मिल गए हैं। जिससे उत्पादकों को अप्रैल से अक्तूबर तक भुगतान किया जाएगा।
चालू वित्तीय वर्ष में 90 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 50 काश्तकारों को गाय गंगा योजना का लाभ दिया जा चुका है। इसके अलावा सचिवों को 50 पैसा प्रति लीटर मानदेय देने के लिए 13.64 लाख रुपये मिल चुके हैं। दुग्धशाला प्लांट में नया दुग्ध प्लांट लगाने के लिए 43 लाख रुपये मिल गए हैं।