चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जिला पंचायत ने अपनी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ही पंचायत की विभिन्न स्थानों पर खाली पड़ी भूमि को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। पंचायत ने पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ पंचायत की भूमि का जायजा लिया। जिला पंचायत की बस स्टैंड के निकट ही लाखों की जमीन पड़ी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा के निर्देश पर जिला पंचायत की टीम ने पुलिस और राजस्व पुलिस की टीम के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर जिला पंचायत की खाली पड़ी जमीन का चिन्हीकरण के साथ ही अतिक्रमण की जा चुकी भूमि का भी निरीक्षण किया।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिशासी अधिकारी ने बाद में बताया कि जिला पंचायत की चांदीखेत में ही करीब बाइस नाली जमीन है। पंचायत की बस स्टैंड के निकट भी दो सौ दस स्क्वायर मीटर जमीन है जिसका बाजार मूल्य लाखों में है। इस स्थान पर अतिथि विश्राम गृह और शौचालय आदि बनाने की मांग उठती रही है। बताया कि पंचायत की कुछ भूमि पर स्वास्थ्य विभाग ने अपने भवन बना लिए हैं। इस बारे स्वास्थ्य विभाग को नोटिस भेजा जाएगा। जिला पंचायत द्वारा पंचायत के पुराने बंगले का नव निर्माण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से संपन्न बनाने की कवायद भी चल रही है।
निरीक्षण करने वाली टीम में पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी एमएल टम्टा, सलाहाकार कृष्ण सिंह बिष्ट, अमीन बसंत बचखेती, थानाध्यक्ष रमेश बोहरा, कानूनगो खीमानंद त्रिपाठी, पटवारी इसरार अहमद आदि शामिल थे।