अल्मोड़ा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा साहसिक, धार्मिक, स्वास्थ्य और पाक कला पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलबिष्ट डानागोलू गैराड़ धाम में आयोजित भंडारे में पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न देव स्थलों को धाम के रूप में भी विकसित करने का का प्रयास किया जा रहा है।
विस उपाध्यक्ष चौहान ने कहा कि गोलू देवता कुमाऊं के पौराणिक एवं ऐतिहासिक देवता हैं और इन्हें न्याय देवता भी कहा जाता है। कहा कि मां भगवती, भगवान शिव, विष्णु, नागराज देवता और गोलू देवता स्थलों को धाम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साहसिक, धार्मिक, पाक कला आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। चौहान ने गोपाल कोहली द्वारा लिखित कल्याण चरित्र और एसलाल द्वारा लिखित न्यायकारी देवता कलबिष्ट का विमोचन किया। साथ ही भजन संध्या की सात टीमों को पुरस्कृत किया। मुख्य संरक्षक डीएस पिलख्वाल ने बताया कि अक्तूबर प्रथम सप्ताह से मंदिर के भव्य निर्माण की शुरूआत की जाएगी। मंदिर व्यवस्थापक वीरेंद्र भोज और अध्यक्ष रमेश बिष्ट ने सभी का आभार जताया। इससे पूर्व सुबह कलश यात्रा का आयोजन किया गया और दोपहर में भंडारे का आयोजन हुआ। इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज तिवारी, ब्लाक प्रमुख सूरज सिराड़ी, जिला पंचायत सदस्य भावना तिवारी, अशोक भोज, हयात रावत आदि मौजूद थे। संचालन वीरेंद्र भोज और सुशील जोशी ने किया।